नागपंचवी पर सजापहाड़ हनुमान मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
एमसीबी। नागपंचमी के पावन अवसर पर एमसीबी जिले के पोड़ी स्थित प्रसिद्ध सजापहाड़ हनुमान मंदिर नागमाड़ा में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर में पिछले 12 वर्षों से लगातार नागपंचमी के अवसर पर पूजा-अर्चना के साथ भव्य मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी चिरमिरी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।
नागपंचमी के मौके पर सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से नाग देवता की पूजा-अर्चना कर दूध और केले का प्रसाद अर्पित किया। पूजा के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया।वहीं नागपंचमी के अवसर पर आयोजित मेले में भी बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विशाल भोग-भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
पिछले 12 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा यह धार्मिक आयोजन अब क्षेत्र की आस्था और परंपरा का प्रमुख केंद्र बन चुका है। नागपंचमी के दिन दूर-दूर से श्रद्धालुओं के सजापहाड़ हनुमान मंदिर नागमाड़ा पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। मंदिर में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।









