चिरमिरी। छत्तीसगढ़ में बढ़ती बिजली दरों और स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर बिजली कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में बिजली दरों में कई बार बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। वहीं स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ताओं को चार से पांच गुना तक अधिक बिल मिलने का भी आरोप लगाया गया।

कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगाने, लगाए गए मीटर हटाने, भारी-भरकम बिजली बिलों की जांच के लिए विशेष शिविर लगाने, चिरमिरी में बिजली नेटवर्क का विस्तार करने और बढ़ी हुई बिजली दरों को कम करने की मांग की।
कांग्रेस प्रतिनिधियों ने बताया कि विभाग की ओर से मांगों के निराकरण का आश्वासन मिला है। उन्होंने चेतावनी दी कि 15 दिन से एक माह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर व्यापक और उग्र आंदोलन करेगी।









