हल्दीबाड़ी चौक में नगर निगम की कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों का हंगामा, चक्का जाम का प्रयास

चिरमिरी, एमसीबी। नगर निगम चिरमिरी क्षेत्र के हल्दीबाड़ी चौक में बुधवार को उस समय हंगामा मच गया, जब नगर निगम की कार्रवाई से नाराज व्यापारियों ने चक्का जाम करने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और व्यापारियों को समझाइश देते हुए बताया कि बिना अनुमति एवं पूर्व सूचना के चक्का जाम नहीं किया जा सकता। इसके बाद व्यापारियों ने चक्का जाम का निर्णय वापस लेते हुए नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मामला हल्दीबाड़ी स्थित करण जींस दुकान के सामने बने चबूतरे से जुड़ा है। व्यापारियों का आरोप है कि मंगलवार सुबह नगर निगम अधिकारी विक्टर वर्मा के निर्देश पर जेसीबी मशीन से दुकान के सामने बने चबूतरे के एक हिस्से को बिना पूर्व सूचना या नोटिस के तोड़ दिया गया। कार्रवाई से नाराज व्यापारी एकजुट होकर विरोध में उतर आए।

व्यापारी के अनुसार, बरसात के दौरान आसपास का पानी दुकानों में घुसने की समस्या को देखते हुए पानी निकासी के रास्ते को चौड़ा करने के लिए पत्राचार किया गया था। व्यापारियों का आरोप है कि इसी समस्या के समाधान की प्रक्रिया के दौरान बिना पूर्व जानकारी दिए अचानक जेसीबी से चबूतरा तोड़ दिया गया।

कार्रवाई से नाराज व्यापारियों ने निगम अधिकारी विक्टर वर्मा को मौके पर बुलाकर अपनी कार्रवाई के लिए माफी मांगने की मांग की। प्रदर्शन की सूचना पर चिरमिरी महापौर रामनरेश राय, तहसीलदार समीर शर्मा, पुलिस अधिकारी एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचे। महापौर ने व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन व्यापारी अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।

इसके बाद महापौर के बुलाने पर निगम अधिकारी विक्टर वर्मा मौके पर पहुंचे और व्यापारियों के बीच मामले को लेकर माफी मांगी। अधिकारी की माफी के बाद व्यापारियों ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

वहीं, बरसात के पानी की समस्या का स्थायी समाधान करने के उद्देश्य से महापौर रामनरेश राय ने मौके पर काऊ कैचर निर्माण कराने का निर्णय लिया। इसके माध्यम से बारिश के पानी को नालियों की ओर निकासी देने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि आसपास की दुकानों में पानी प्रवेश न करे।

फिलहाल अधिकारी की माफी और महापौर के समाधान के आश्वासन के बाद हल्दीबाड़ी चौक पर स्थिति सामान्य हो गई।

Leave a Comment