धनतेरस पर कोरिया पुलिस ने लौटाई खुशियां, 25 गुम मोबाइल पाकर खिले लोगों के चेहरे


कोरिया। धनतेरस के पावन अवसर पर कोरिया पुलिस ने लोगों को खुशियों का अनमोल उपहार देते हुए गुम हुए 25 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस लौटाए। पुलिस द्वारा बरामद किए गए इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये है।

पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के मार्गदर्शन तथा डीएसपी आशा सेन, एसडीओपी मोहसिन खान एवं डीएसपी श्याम मधुकर के मार्गदर्शन में साइबर सेल प्रभारी मोहम्मद तालिब शेख के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी सहायता और लगातार प्रयासों से गुम मोबाइल फोन खोजने में सफलता हासिल की।

धनतेरस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने बरामद सभी 25 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए। लंबे समय से अपने मोबाइल वापस मिलने का इंतजार कर रहे लोगों के चेहरे मोबाइल पाकर खुशी से खिल उठे। उन्होंने कोरिया पुलिस और साइबर सेल की टीम के प्रति आभार जताया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल नजदीकी थाने में सूचना दें तथा CEIR पोर्टल (www.ceir.gov.in) पर मोबाइल ब्लॉक कराने के लिए शिकायत दर्ज करें। वहीं, साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।

कोरिया पुलिस की इस पहल ने धनतेरस के पर्व पर लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल लौटाकर खुशियों का अनमोल उपहार दिया और पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत किया।

Leave a Comment