खड़गवां-चिरमिरी के बीच सफर होगा आसान, भुकभुकी-चिरमिरी डबल लेन सड़क के लिए ₹11.84 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों को मिली बड़ी सफलता, विष्णुदेव साय सरकार ने दी मंजूरी
चिरमिरी। खड़गवां, दूबछोला और चिरमिरी क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भुकभुकी-चिरमिरी सड़क को डबल लेन में विकसित करने के लिए ₹1184.86 लाख यानी करीब 11.85 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से मिली इस स्वीकृति के बाद अब सड़क के उन्नयन और निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
इस सड़क के डबल लेन बनने से खड़गवां और चिरमिरी के बीच आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा। साथ ही भारी वाहनों की आवाजाही आसान होने से क्षेत्र में व्यापार, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
सोनवनी नाका के लंबे रास्ते से मिली थी राहत
दरअसल, भुकभुकी-चिरमिरी मार्ग के निर्माण से पहले खड़गवां और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को चिरमिरी पहुंचने के लिए सोनवनी नाका होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। इससे लोगों का समय और परिवहन खर्च दोनों बढ़ते थेजनता की इस समस्या को देखते हुए श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने पहले विधायक कार्यकाल के दौरान भुकभुकी-चिरमिरी सड़क का निर्माण कराया था। सड़क बनने के बाद खड़गवां और चिरमिरी के बीच दूरी और यात्रा का समय कम हुआ, लेकिन सड़क सिंगल लेन होने के कारण भारी वाहनों के आवागमन में परेशानी बनी हुई थी।अब डबल लेन सड़क के लिए प्रशासकीय स्वीकृति मिलने से इस समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद बढ़ गई है।
व्यापार और परिवहन को मिलेगा बढ़ावा
डबल लेन सड़क बनने के बाद खड़गवां, दूबछोला और चिरमिरी के बीच यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ-साथ बड़े व्यावसायिक एवं भारी वाहनों की आवाजाही भी अधिक सुगमता से हो सकेगीसड़क के बेहतर होने से क्षेत्र के बाजारों तक पहुंच आसान होगी और स्थानीय व्यापारियों, ग्रामीणों, किसानों तथा परिवहन से जुड़े लोगों को इसका सीधा लाभ मिलने की संभावना है। बेहतर कनेक्टिविटी से क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं भी खुलेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री और पीडब्ल्यूडी मंत्री का जताया आभार
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त किया है।श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि क्षेत्र की जनता की सुविधा और सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। सिंगल लेन सड़क बनने से चिरमिरी और खड़गवां के बीच दूरी कम हुई थी, लेकिन भारी वाहनों के आवागमन में परेशानी बनी हुई थी। जनता की मांग को देखते हुए सड़क को डबल लेन बनाने के लिए लगातार प्रयास किए गए।उन्होंने कहा कि ₹1184.86 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के बाद यह महत्वपूर्ण परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। सड़क के निर्माण के बाद व्यापार और परिवहन को नई दिशा मिलेगी तथा खड़गवां–चिरमिरी क्षेत्र की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
भुकभुकी-चिरमिरी डबल लेन सड़क परियोजना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण विकास कार्य के रूप में देखा जा रहा है। सड़क के निर्माण से न केवल लोगों का आवागमन आसान होगा, बल्कि खड़गवां और चिरमिरी के बीच आर्थिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। क्षेत्रवासियों ने सड़क के डबल लेन निर्माण की स्वीकृति को बड़ी सौगात बताते हुए उम्मीद जताई है कि परियोजना का काम जल्द शुरू होकर निर्धारित समय में पूरा किया जाएगा।









