अवैध अंग्रेजी शराब मामले में फरार मुख्य आरोपी राकेश जायसवाल उर्फ झींगा गिरफ्तार

105 पाव शराब बरामदगी के मामले में पुलिस की कार्रवाई, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

मनेन्द्रगढ़। अवैध अंग्रेजी शराब के परिवहन और बिक्री के मामले में मनेन्द्रगढ़ पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी राकेश जायसवाल उर्फ झींगा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को 9 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अपराध क्रमांक 179/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत की गई है। मामले की शुरुआत 6 अगस्त को हुई, जब पुलिस को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की TVS Jupiter से अवैध अंग्रेजी शराब का परिवहन किया जा रहा है।सूचना पर पुलिस टीम ने चनवारीडांड फॉरेस्ट डिपो मार्ग के पास वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन में रखी प्लास्टिक की बोरी से रॉयल स्टैग की 28 पाव और मैकडॉवेल नंबर-1 की 77 पाव, कुल 105 पाव शराब बरामद की गई। बरामद शराब की मात्रा करीब 18.900 लीटर और अनुमानित कीमत 22,680 रुपये बताई गई। पुलिस ने शराब के साथ घटना में प्रयुक्त TVS Jupiter वाहन भी जब्त किया था।

इस मामले में पुलिस ने मौके से महेन्द्र सिंह धुर्वे को 6 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। विवेचना के दौरान आरोपी महेन्द्र सिंह धुर्वे के मेमोरण्डम कथन से सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने राकेश जायसवाल उर्फ झींगा, निवासी वार्ड क्रमांक 2 बैगापारा, मनेन्द्रगढ़ की संलिप्तता सामने आने पर उसकी तलाश शुरू की।लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में निरीक्षक विवेक पाटले, एएसआई रजवाड़े, हेड कांस्टेबल सेन, हेड कांस्टेबल जय प्रकाश और कांस्टेबल आजाद की भूमिका रही।

Leave a Comment