रायपुर/एमसीबी। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला महासचिव एवं मनेन्द्रगढ़ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी शेख इस्माइल ने अपने साथी कार्यकर्ताओं के साथ रायपुर स्थित निवास कार्यालय पहुंचकर छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत एवं सांसद ज्योत्सना महंत से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने चिरमिरी सहित पूरे एमसीबी जिले से जुड़े विभिन्न जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उनके समक्ष रख

शेख इस्माइल ने चिरमिरी से रायपुर, नागपुर और कटनी के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने, रीवा-चिरमिरी ट्रेन को प्रतिदिन संचालित करने तथा नए चिरमिरी रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना की तर्ज पर विकसित करने की मांग रखी। साथ ही नागपुर में जबलपुर और दिल्ली जाने वाली ट्रेनों के ठहराव का मुद्दा भी उठाया।

उन्होंने कहा कि चिरमिरी की लगातार घटती जनसंख्या और पलायन गंभीर चिंता का विषय है। उद्योगों की कमी के कारण क्षेत्र के युवा रोजगार की तलाश में दूसरे शहरों की ओर जाने को मजबूर हैं। इस समस्या के समाधान के लिए चिरमिरी एवं आसपास के क्षेत्र में करीब 10 हजार करोड़ रुपये के औद्योगिक निवेश की पहल किए जाने की मांग की गई, जिससे स्थानीय स्तर पर स्थायी रोजगार के अवसर पैदा हो सकें।

 

मुलाकात के दौरान जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया गया। शेख इस्माइल ने कहा कि जिला चिकित्सालय की व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता है और अस्पताल के लगातार रेफर सेंटर बनते जाने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा शिक्षा व्यवस्था, नगर निगम एवं नगर पालिका के स्थायी और प्लेसमेंट कर्मचारियों तथा ठेका श्रमिकों के लंबित वेतन भुगतान का मुद्दा भी सामने रखा गया।

ग्रामीण क्षेत्रों में आदिवासियों की भूमि से जुड़े विवादों और राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर भी चिंता जताई गई। उन्होंने कहा कि आदिवासी परिवारों को समय पर न्याय नहीं मिल पा रहा है। वहीं चिरमिरी तहसील, खड़गवां तहसील और चिरमिरी नगर निगम आयुक्त जैसे महत्वपूर्ण पदों का अतिरिक्त प्रभार एक ही एसडीएम को दिए जाने से प्रशासनिक कार्यों और आम जनता को मिलने वाले न्याय में देरी होने की बात भी रखी गई।

इसके साथ ही चिरमिरी, मनेन्द्रगढ़, झगराखंड, लेदरी सहित नगरीय क्षेत्रों में खराब स्ट्रीट लाइट, जर्जर सड़कों और शुद्ध पेयजल की समस्या पर भी चर्चा हुई। शेख इस्माइल ने आशंका जताई कि पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो डायरिया और पीलिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।

सांसद के चिरमिरी दौरे का मुद्दा भी उठा

मुलाकात के दौरान चिरमिरी के नागरिकों की नाराजगी का मुद्दा भी सांसद ज्योत्सना महंत के समक्ष रखा गया। शेख इस्माइल ने कहा कि चिरमिरी से सांसद को जिले में अच्छा जनसमर्थन मिला है, इसके बावजूद शहर में उनका दौरा अपेक्षाकृत कम होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि चिरमिरी आज विभिन्न समस्याओं से जूझ रहा है और इन मुद्दों को बड़े स्तर पर उठाने में सांसद की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।

सभी विषयों को गंभीरता से सुनने के बाद नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत एवं सांसद ज्योत्सना महंत ने 18 सितंबर को चिरमिरी आने का भरोसा दिलाया।

इस दौरान जिला एमसीबी आईटी सेल प्रभारी देवेंद्र जैन, शहरी प्रभारी सुक्खू राम ध्रुवे, ब्लॉक अल्पसंख्यक अध्यक्ष रमजान खान सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Leave a Comment