जीवनदीप की बैठक में उठे मुद्दे पर मंत्री के निर्देश का असर, अस्पताल परिसर में शेड और आरओ वाटर की व्यवस्था

मनेंद्रगढ़। मनेंद्रगढ़ के 220 बिस्तर सिविल अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों को अब धूप, बारिश और पेयजल की समस्या से काफी राहत मिलेगी। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल परिसर में शेड निर्माण के साथ ही शुद्ध पेयजल के लिए आरओ वाटर सिस्टम स्थापित किया गया है।

 

बताया गया कि अस्पताल में मरीजों की बढ़ती संख्या और उनके परिजनों को होने वाली असुविधा का मुद्दा जीवनदीप की बैठक में उठाया गया था। बैठक में स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अस्पताल परिसर में तत्काल शेड निर्माण तथा शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।

निर्देश के बाद अस्पताल प्रबंधन ने तत्परता दिखाते हुए दोनों सुविधाओं को उपलब्ध कराया है। अस्पताल के सामने परिसर में बनाए गए शेड से मरीजों और उनके परिजनों को अपनी बारी का इंतजार करते समय धूप और बारिश से राहत मिलेगी। वहीं आरओ वाटर सिस्टम शुरू होने से अस्पताल आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

*मरीजों को मूलभूत सुविधाओं से मिली राहत*

220 बिस्तर वाले सिविल अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार, जांच और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पहुंचते हैं। मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण कई बार उन्हें अस्पताल के बाहर या परिसर में अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता था। ऐसे में शेड की सुविधा मरीजों के लिए उपयोगी साबित होगी।

इसी तरह अस्पताल परिसर में आरओ वाटर की व्यवस्था होने से मरीजों और उनके साथ आने वाले परिजनों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। अस्पताल प्रबंधन द्वारा उपचार के साथ-साथ मरीजों की मूलभूत सुविधाओं पर भी ध्यान दिए जाने को सकारात्मक पहल माना जा रहा है।

  • *निर्देश के बाद त्वरित कार्रवाई*

जीवनदीप की बैठक में मरीजों की सुविधा से जुड़े मुद्दे पर चर्चा के बाद मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों पर अस्पताल प्रबंधन ने त्वरित कार्रवाई की। शेड निर्माण और आरओ वाटर सिस्टम की सुविधा शुरू होने के बाद इसका लाभ अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को मिलने लगा है।

मरीजों और परिजनों ने अस्पताल परिसर में शेड एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था को राहत देने वाली पहल बताया। उनका कहना है कि अस्पताल में उपचार के साथ-साथ ऐसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होने से मरीजों को काफी सुविधा मिलती है।

मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल परिसर में सुविधाओं के विस्तार की यह पहल मरीज हित में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Comment