नई दिल्ली। देश इस वर्ष 15 अगस्त को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस समारोह को इस बार खास बनाने के लिए लाल किले पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ध्वजारोहण के बाद देश को संबोधित करेंगे, लेकिन इस बार उनके संबोधन से पहले लाल किले की प्राचीर से ‘वंदे मातरम’ की गूंज सुनाई देगी।
150 साल पूरे होने पर विशेष आयोजन
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहली बार लाल किले की प्राचीर से ‘वंदे मातरम’ का गायन किया जाएगा। यह आयोजन राष्ट्रीय गीत के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर से भी जुड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में होने वाला यह कार्यक्रम देश की स्वतंत्रता और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रदर्शित करेगा।
युवा शक्ति’ पर रहेगा समारोह का फोकस
इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह की थीम में ‘युवा शक्ति’ को प्रमुखता दी गई है। कार्यक्रम के जरिए 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में देश के युवाओं की भूमिका और योगदान को रेखांकित किया जाएगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए लाल किले और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस द्वारा संदिग्ध और वांछित लोगों की पहचान के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। भीड़ की निगरानी के लिए ‘अभिज्ञान’ ऐप और फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) जैसी तकनीकों की मदद ली जा रही है।
इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में ‘वंदे मातरम’ का विशेष आयोजन राष्ट्रीय गीत के 150 वर्ष पूरे होने के मौके को यादगार बनाने के साथ-साथ देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को भी मजबूत करने वाला होगा।









