चिरमिरी । जिले के नागपुर क्षेत्र से अवैध कोयले के कारोबार को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। धानापारा-महराजपुर इलाके में खुले में कथित रूप से जमा किए गए करीब 30 टन अवैध कोयले को नागपुर चौकी पुलिस ने जब्त किया है। पुलिस की यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई।धानापारा-महराजपुर क्षेत्र में बड़ी मात्रा में कोयला जमा होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना पर नागपुर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कोयला जब्त किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा अब यह पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में कोयला कहां से लाया गया और इसके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं। वही बिहारपुर वन परिक्षेत्र से कथित तौर पर अवैध रूप से कोयला निकालने की गतिविधियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्र में कथित कोयला माफियाओं की सक्रियता की चर्चा के बीच पुलिस और वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।फिलहाल पुलिस ने कोयला जब्त कर लिया है और आरोपियों की पतासाजी की जा रही है। जांच के बाद ही अवैध कोयले के स्रोत और इसमें शामिल लोगों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









