जनकपुर* । थाना जनकपुर पुलिस ने 1 से 15 सितंबर 2026 तक विशेष अभियान चलाकर अवैध शराब, शराबखोरी, ड्रंक एंड ड्राइव और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई से नियम तोड़ने वालों में हड़कंप की स्थिति रही।

अभियान के दौरान पांच लोगों के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय में पेश किए गए। वहीं स्कूली बच्चों को क्षमता से अधिक बैठाकर ले जाने वाले ऑटो चालक रमाशंकर सिंह पर मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत ₹4,000 का चालान किया गया।
बिना नंबर प्लेट, लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेजों के वाहन चलाने वाले छह वाहन चालकों पर कुल ₹9,000 का जुर्माना लगाया गया।
इसी क्रम में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए संजय वर्मा के कब्जे से 10 लीटर महुआ शराब और परिवहन में प्रयुक्त बाइक जब्त की गई। वहीं प्रकाश कहार से 2 लीटर महुआ शराब बरामद कर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी करने वाले पांच लोगों के खिलाफ भी आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।
थाना प्रभारी विजय सिंह ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।









