कॉपर वायर, लोहे की छड़ और मोटर पंप बरामद, प्रार्थियों ने की चोरी के सामान की पहचान
मनेन्द्रगढ़। शहर में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी के सामान के साथ कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद सामान की पहचान संबंधित प्रार्थियों द्वारा भी की गई है।
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 206/26, 208/26 और 209/26 के तहत चोरी के मामले दर्ज किए गए थे। चोरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा (आईपीएस) एवं पुलिस अधीक्षक एमसीबी रत्ना सिंह (आईपीएस) ने विशेष अभियान चलाकर मामलों का खुलासा करने तथा पेट्रोलिंग एवं गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक विवेक पाटले के नेतृत्व में चार टीमों का गठन कर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने तीन चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
पहले मामले में रेलवे कॉलोनी निवासी गुरुदत्ता के गैराज से कॉपर वायर चोरी करने के आरोप में राकेश यादव (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से करीब 10 कॉपर वायर और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित लगभग 50 हजार रुपये का सामान बरामद किया गया।
दूसरे मामले में वार्ड क्रमांक 9 पेंड्रा दफाई निवासी हुसैन के गोदाम से करीब दो क्विंटल लोहे की छड़ और कटर मशीन चोरी करने के आरोप में अरमान अंसारी (22 वर्ष) एवं सुमित सिंह को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से करीब 20 हजार रुपये कीमत की दो क्विंटल लोहे की छड़ बरामद हुई।
वहीं तीसरे मामले में चनवारीडांड स्थित एचआर इंडस्ट्रीज परिसर से बड़ा मोटर पंप चोरी करने के आरोप में सुभाष कुमार एवं ऋषि कुमार (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से करीब 14 हजार रुपये कीमत का मोटर पंप बरामद किया गया।
पुलिस ने बरामद सामान की प्रार्थियों से पहचान कराने के बाद पांचों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर कार्रवाई की। लगातार चोरी की घटनाओं के बीच इस कार्रवाई से पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसने का संदेश दिया है।कोतवाली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि चोरी की घटना होने पर तत्काल पुलिस में एफआईआर दर्ज कराएं और क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।









